( ट्रिगर वार्निंग: इस स्टोरी में आत्महत्या और हिंसा का जिक्र है,पाठक अपने विवेक का इस्तेमाल करें )

ईरान-इजरायल और अमेरिका में जारी युद्ध के दौरान 28 फरवरी 2026 को ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की अमेरिकी और इजरायली हमलों में मौत हो गई थी. तब से उनकी मौत को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह के दावे वायरल हो रहे हैं.

ऐसे में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक व्यक्ति खुद को गोली मार आत्महत्या कर लेता है और इसका वीडियो भी बना लेता है.

दावा: इस पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि, "ईरानी नेता के ठिकाने का खुलासा करके उन्हें धोखा देने वाले जनरल ने पश्चाताप किया, उन्होंने लाइव प्रसारण के दौरान आत्महत्या कर ली."

( इस वीडियो में आत्महत्या से जुड़े दृश्य होने की वजह से स्टोरी में अर्काइव नहीं जोड़े गए हैं. )

क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.

  • यह वीडियो कम से कम 15 अक्टूबर 2024 से इंटरनेट पर मौजूद है जबकि आयतुल्लाह खामेनेई की मौत फरवरी 2026 में हुई है.

  • वायरल वीडियो पर की गई कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दक्षिणी कुर्दिस्तान के बानेह के रहने वाले जाहिर अमीनियन ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान खुद की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

  • हम इस घटना की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर पाएं लेकिन यह साफ है कि यह वीडियो आयतुल्लाह खामेनेई की हत्या के पहले से इंटरनेट पर मौजूद है.

हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें कुर्दिश (kurdish) न्यूज वेबसाइट के आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर ) अकाउंट की इस पोस्ट में यह वीडियो मिली.

  • इस अकाउंट से यह वीडियो 15 अक्टूबर 2024 को अपलोड की गई थी.

  • इस वीडियो के कैप्शन में कुर्दीश भाषा में लिखा था, "पिछली रात पूर्वी कुर्दिस्तान के बानेह शहर के रहने वाले जहीर अमीनी नाम के एक हमवतन ने, जो एरबिल में रहता था, अपने इंस्टाग्राम लाइव में खुद को मार डाला." (अनुवादित)

वायरल वीडियो को ईस्टर्न कुर्दिस्तान का बताया गया है. 

इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें एक अन्य कुर्दिश वेबसाइट KurdistanOnline पर भी इस वीडियो से संबधित पोस्ट मिली जिसे 15 अक्टूबर 2024 को अपलोड किया गया था और इसमें लिखा था कि, "दक्षिणी कुर्दिस्तान के बानेह के रहने वाले जहीर अमीनियन ने खुद को एक इंस्टाग्राम लाइव के दौरान गोली मार ली."

इस पोस्ट में वायरल घटना के बारे म ेजानकारी दी गई है. 

इसके सिवा हमारी सर्च में हमें काशिफ (kashif.ps) जो की फैक्ट-चेकिंग और मीडिया लिटरेसी के लिए एक इंडिपेंडेंट फिलिस्तीन का इंडिपेंडेंट प्लेटफॉर्म है, उनकी यह फैक्ट चेक रिपोर्ट मिली.

काशिफ की फैक्ट-चेक रिपोर्ट के मुताबिक यह वीडियो 15-17 अक्टूबर 2024 के बीच अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर की गई थी. वायरल वीडियो में नजर आ रहे शख्स का नाम ज़ुहैर अमीनियन था जिसने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान खुद को गोली मार ली थी.

निष्कर्ष: इंस्टाग्राम लाइव के दौरान खुद को गोली मारते युवक का वीडियो ईरानी जनरल का नहीं है ना ही इस शख्स का आयतुल्लाह खामेनेई की मौत से कोई समबंध है.

अगर आपको आत्महत्या से जुड़े ख्याल आते हैं, आपको या आपके किसी परिचित को इससे सम्बंधित कोई मदद चाहिए तो आप इन नंबर पर कॉल कर मदद प्राप्त कर सकते हैं.

Jeevan Aastha helpline (GJ) 1800-233-3330

Vandravela foundation +91 9999666555

Fortis Stress Helpline Helpline: +918376804102

आप इस फोन डायरेक्टरी की मदद से मेन्टल हेल्थ से जुड़े अन्य महत्ववपूर्ण सहायता केंद्रों के नंबर प्राप्त कर सकते हैं.

(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर  9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)